एक दिन प्रकृति वह सब कुछ वापस ले लेगी जो उसने हमें दिया है।
26 अगस्त 2026 को नेपाल-चीन सीमा के पास आई विनाशकारी बाढ़ ने हिमालयी क्षेत्र में प्रकृति के रौद्र रूप और मानवीय भूलों के भयावह संगम को उजागर कर दिया है। भोटेकोशी (कोसी की सहायक नदी) और त्रिशूली नदी (गंडक की सहायक नदी) घाटियों में अचानक आई जल-प्रलय (फ्लैश फ्लड) ने सैकड़ों जिंदगियां लील लीं, गांवों को मलबे में दफन कर दिया और अरबों रुपये की जलविद्युत परियोजनाओं व बुनियादी ढांचे को तहश-नहस कर दिया। यह आपदा सिर्फ़ एक प्राकृतिक घटना नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन, सिकुड़ती नदी घाटियों और अंधाधुंध मानवीय हस्तक्षेप का एक गंभीर चेतावनी संदेश है।
शुरुआती आकलनों में इस आपदा का कारण भारी बारिश या भूकंप माना जा रहा था, लेकिन उपग्रहीय आंकड़ों और वैज्ञानिकों के विश्लेषण जैसा कि द हिंदू की रिपोर्ट ने स्पष्ट किया है कि असली वजह लांगटांग लिरुंग के पास एक विशाल हिमनद (ग्लेशियर) और चट्टान का ढहना था। ग्लेशियर टूटने से पैदा हुए कंपन (5.2 तीव्रता के बराबर) के कारण लाखों टन पानी, बर्फ, कीचड़ और भारी चट्टानें नदी तंत्र में बह गईं। भोटेकोशी नदी का स्तर कुछ ही मिनटों में कई मीटर ऊपर उठ गया, जिससे निचले इलाकों के निवासियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रकृति की मार को इंसानी लालच ने और अधिक घातक बना दिया है। हिमालयी क्षेत्रों में विकास के नाम पर हो रहे अनियोजित निर्माण ने नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को पूरी तरह बाधित कर दिया है।
पर्यटन और शहरीकरण की होड़ में नदियों के डूब-क्षेत्र (Floodplains) और घाटियों को पाटकर रिसॉर्ट, होटल, सड़कें और बस्तियां बना दी गई हैं। जब नदियां सिकुड़ेंगी, तो पानी का फैलाव रिहायशी इलाकों की तरफ होना तय है। पहाड़ों को काटकर बनाई जा रही सड़कें और बिना भू-वैज्ञानिक जांच के बन रहे भारी ढांचे पहाड़ी ढलानों को अस्थिर कर रहे हैं, जिससे भूस्खलन का खतरा कई गुना बढ़ गया है। नदी के मुहाने पर बनी जलविद्युत परियोजनाएं न केवल पानी के प्रवाह को रोकती हैं, बल्कि ऐसी आपदाओं के समय खुद ताश के पत्तों की तरह ढहकर तबाही की तीव्रता को बढ़ा देती हैं। संकट का असली उत्प्रेरक ग्लोबल वार्मिंग है जिसके कारण हिमालयी क्षेत्र दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक तेजी से गर्म हो रहा है।
संयुक्त राष्ट्र (UN) की रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल के पहाड़ों ने पिछले 30 वर्षों में अपनी एक-तिहाई बर्फ खो दी है। बढ़ते तापमान के कारण ग्लेशियर पीछे खिसक रहे हैं और पहाड़ों की चट्टानें खोखली व अस्थिर हो रही हैं। जिसके कारण पहाड़ों के ऊपर बन रही अस्थिर प्राकृतिक झीलें कभी भी फट सकती हैं। हालांकि 26 अगस्त की घटना सीधे तौर पर झील फटने से नहीं बल्कि ग्लेशियर ढहने से हुई, लेकिन द गार्जियन के अनुसार नेपाल की 2,000 से अधिक हिमनद झीलों में से 21 बेहद खतरनाक स्थिति में हैं। यह त्रासदी चीख-चीख कर कह रही है कि अब पुरानी ढर्रे की विकास नीतियों को बदलने का समय आ गया है। पर्यावरण की अनदेखी कर तैयार किया गया बुनियादी ढांचा अंततः मानव जाति की कब्रगाह बनता है। नदियों के किनारे और हरित पट्टियों (Green Zones) में किसी भी प्रकार के पक्के निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए। नदियों को उनकी घाटियां वापस लौटानी होंगी।
पारिस्थितिकीय-संवेदनशील विकास हमारा लक्ष्य होना चाहिए। हिमालय जैसे युवा और नाजुक पहाड़ों में भारी मशीनों के उपयोग और अनियंत्रित विस्फोटों को रोकना होगा। विकास की योजनाएं पर्यावरणविदों की सलाह पर आधारित होनी चाहिए। नेपाल की 26 अगस्त की बाढ़ केवल एक देश की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए खतरे की घंटी है। यदि हमने अब भी प्रकृति की सीमाओं का सम्मान करना और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ ठोस कदम उठाना शुरू नहीं किया, तो भविष्य में ऐसी आपदाएं और अधिक हिंसक और अनियंत्रित रूप में हमारे सामने आती रहेंगी।
Comments